Nepal Accident : नेपाल में सोमवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में एक महिला सहित चार लोगों की मौत हो गयी, वहीं करीब 23 लोग घायल हैं। इनमें चार घायलों की हालत गंभीर बतायी जा रही है। सभी घायलों का इलाज विराटनगर और इनारवा के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। हादसा ओवरटेकिंग के कारण हुआ। जिला पुलिस कार्यालय सुनसरी के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) योगराज खातीवाड़ा ने घटना की पुष्टि की है। घटनास्थल जोगबनी सीमा से करीब 40 किलोमीटर दूर है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह सुनसरी जिले के पूर्व-पश्चिम राजमार्ग पर भोकराहा नरसिंह ग्राम पालिका वार्ड नंबर 3 जालुवा टोल के पास एक बस को ओवरटेक करने के बाद एक मिनी वैन उससे टकरा गई। बताया गया कि मृतकों में ज्यादातर लोग मिनी वैन में सवार थे।

मृतकों में कोशी ग्राम पंचायत निवासी 70 वर्षीय लक्ष्मण सदा, सप्तरी के माधवे ग्राम पंचायत निवासी 35 वर्षीय शंकर मंडल, सप्तरी निवासी अशोक यादव और विराटनगर निवासी 50 वर्षीय अज्ञात महिला शामिल हैं। अज्ञात महिला की पहचान की जा रही है। इस बीच, पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। दोनों चालक भी पुलिस हिरासत में हैं।

सूचना मिलने पर सुनसरी के मुख्य जिला अधिकारी धर्मेंद्र कुमार मिश्रा, पुलिस क्षेत्राधिकारी सुमन कुमार तिमसिना और राज्य पुलिस ने विभिन्न अस्पतालों में जाकर घायलों का हालचाल जाना और घटना की जानकारी जुटाई। इससे पहले, घटना के तुरंत बाद, सुनसरी जिला पुलिस टीम ने घायलों को बचाया और उन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जिला पुलिस कार्यालय सुनसरी के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) योगराज खातीवाड़ा ने बताया कि मातृ डीलक्स बस क्रमांक 1 के 1799 कांकड़भिट्टा से खोटाग डिकटेल जा रही थी, जबकि विंगर माइक्रो वैन क्रमांक 2-01-001 जे 0048 सप्तरी राजबिराज से विराटनगर आ रही थी। भोकराहा नरसिंह गांव पालिका वार्ड क्रमांक 3 जालुवा टोल के पास वैन द्वारा ओवरटेक करने के कारण दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।

इससे चार लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए। घटना के बाद वैन के परखच्चे उड़ गए। पुलिस के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ, जब वैन तेज गति से बस को ओवरटेक कर रही थी। बस चालक झापा जिले के अर्जुनधारा नगर पालिका वार्ड 1 निवासी 36 वर्षीय गोपाल अधिकारी को पुलिस ने हिरासत में लिया है। वैन चालक का पुलिस हिरासत में इलाज चल रहा है।

Share.

बिहार टुडे (bihartodayonline.com) एक स्वतंत्र, निष्पक्ष, और विश्वसनीय समाचार माध्यम है. इस पर राजनीति, व्यापार, करियर, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक मुद्दों पर विस्तृत और सटीक जानकारी प्रकाशित की जाती है.

Exit mobile version