IAS Transfer : बिहार सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए कुल 11 आईएएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इनमें से 7 अधिकारियों को अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) तथा 4 अधिकारियों को विभिन्न विभागों में विशेष कार्य पदाधिकारी (ओएसडी) के पद पर नियुक्त किया गया है। ये सभी अधिकारी 2020 और 2023 बैच से संबंधित हैं।
नई अधिसूचना के मुताबिक :
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा सोमवार को जारी अधिसूचना में बताया गया कि गरिमा लोहिया को पालीगंज का अनुमंडल पदाधिकारी बनाया गया है। वहीं, पूर्णिया की उप विकास आयुक्त चंद्रिमा अत्री को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में विशेष कार्य पदाधिकारी (ओएसडी) की जिम्मेदारी दी गई है।
तुषार कुमार को मुजफ्फरपुर (पूर्वी) का नया अनुमंडल पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा अनिरुद्ध पांडेय को मोहनिया, कृतिका मिश्रा को पूर्वी चंपारण के पकरी दयाल और आकांक्षा आनंद को कटिहार जिले के बारसोई अनुमंडल का पदभार सौंपा गया है।
खगड़िया जिले के गोगरी अनुमंडल की जिम्मेदारी प्रद्युमन सिंह यादव को दी गई है। साथ ही रोहित कर्दम को शेखपुरा का अनुमंडल पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।
विशेष कार्य पदाधिकारियों की तैनाती :
अंजलि शर्मा को समाज कल्याण विभाग में विशेष कार्य पदाधिकारी बनाया गया है। इसी क्रम में शिप्रा विजय कुमार चौधरी को शिक्षा विभाग में, नेहा कुमारी को स्वास्थ्य विभाग में तथा चंद्रिमा अत्री को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में विशेष पदाधिकारी के रूप में जिम्मेदारी दी गई है।
सरकार के इस कदम से कई जिलों में प्रशासनिक कामकाज में तेजी आने की उम्मीद है। नई तैनातियां न सिर्फ अधिकारियों को अनुभव दिलाएंगी, बल्कि विभागीय कार्यप्रणाली को भी मजबूती देंगी।

