MP Prajwal Revanna : जेडीएस नेता और पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना को बलात्कार के एक मामले में दोषी ठहराया गया है। उनके खिलाफ कुल चार मामले दर्ज हैं। बेंगलुरु की एक विशेष अदालत ने शुक्रवार को उन्हें दोषी ठहराया है। विदित हो कि प्रज्वल रेवन्ना पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा के पोते हैं ।
बेंगलुरु की एक विशेष अदालत ने शुक्रवार को जनता दल (सेक्युलर) के नेता और पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना को बलात्कार के एक मामले में दोषी ठहराया। यह मामला हासन जिले के होलेनरसीपुरा ग्रामीण पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ दर्ज पहला बलात्कार का मामला था। प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ यह मामला काफी सुर्खियों में रहा था। अब इस मामले में सजा का ऐलान शनिवार को होना है। इस मामले की सुनवाई बेंगलुरु की विशेष अदालत में हो रही है।
पूर्व प्रधानमंत्री देवेगौड़ा के पोते हैं रेवन्ना:
आपको बता दें कि पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना, जनता दल (सेक्युलर) के नेता और कर्नाटक के हासन लोकसभा क्षेत्र से पूर्व सांसद हैं। वह पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा के पोते और कर्नाटक के पूर्व मंत्री एचडी रेवन्ना के बेटे हैं।
18 जुलाई को पूरी हुई थी सुनवाई :
बेंगलुरु स्थित सांसद/विधायक की विशेष अदालत ने 18 जुलाई को बलात्कार मामले की सुनवाई पूरी कर ली थी। उसने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। अब सजा शनिवार (2 अगस्त) को सुनाई जाएगी।
2000 से ज़्यादा अश्लील वीडियो क्लिप सामने आईं:
रेवन्ना पिछले साल दर्ज चार आपराधिक मामलों में मुख्य आरोपी है। 2000 से ज़्यादा अश्लील वीडियो क्लिप, जिनमें कथित तौर पर कई महिलाओं के यौन शोषण को दर्शाया गया था। ये सभी वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं।
अप्रैल 2024 में दर्ज हुई थी शिकायत :
रेवन्ना के खिलाफ पहली शिकायत अप्रैल 2024 में एक महिला ने दर्ज कराई थी, जो उनके परिवार के फार्महाउस में घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी। पीड़ित महिला ने रेवन्ना पर 2021 से बार-बार बलात्कार करने और घटना के बारे में किसी को बताने पर वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया था।

