Bihar Rail News : बिहार के गया से प्रधानमंत्री मोदी ने आज गया और दिल्ली के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस और वैशाली व कोडरमा के बीच बौद्ध सर्किट ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। जिसके बाद दिल्ली के लिए एक नई अमृत भारत ट्रेन का परिचालन आज से शुरू हो गया। इस ट्रेन के संबंध में पूर्व मध्य रेलवे ने ट्रेन का समय, ठहराव और किराया से संबंधित जानकारी जारी की है।
पूर्व मध्य रेलवे के अनुसार, गया-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 13697) 28 अगस्त 2025 से हर रविवार और गुरुवार को गया से चलेगी, जबकि दिल्ली-गया अमृत भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 13698) 29 अगस्त 2025 से हर सोमवार और शुक्रवार को दिल्ली से रवाना होगी। इस ट्रेन में कुल 19 कोच होंगे। जिसमें 11 जनरल और 8 स्लीपर कोच होंगे। गया से दिल्ली तक स्लीपर कोच में रिजर्वेशन के लिए आपको 560 रुपये देने होंगे।
रेलवे ने बताया कि गया-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 13697) गया से 16:30 बजे खुलकर अगले दिन 12:00 बजे दिल्ली पहुँचेगी। फिर इसी दिन दिल्ली-गया अमृत भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 13698 ) 14:00 बजे दिल्ली से वापसी करेगी और 8:55 बजे गया पहुँचेगी। यह ट्रेन दिल्ली और गया के बीच कुल 9 स्टेशनों पर रूकेगी।
रेलवे के अनुसार अमृत भारत एक्सप्रेस गया और दिल्ली जंक्शन के बीच की दूरी तय करने में कुल 19 घंटे 30 मिनट का समय लेगी। यह ट्रेन दोनों शहरों के बीच कुल 983 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।
इसके अलावे प्रधानमंत्री ने वैशाली और कोडरमा के बीच बौद्ध सर्किट ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई। बौद्ध सर्किट ट्रेन का उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देना और क्षेत्र के प्रमुख बौद्ध स्थलों के बीच आध्यात्मिक और सांस्कृतिक संपर्क को बढ़ावा देना है। पूर्व मध्य रेलवे के अनुसार, 28 अगस्त से आम लोग इस ट्रेन से यात्रा कर सकेंगे।
रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 03624 गया-वैशाली मेमू फास्ट पैसेंजर (एकतरफ़ा) और ट्रेन संख्या 03626 गया-कोडरमा फास्ट मेमू पैसेंजर को उद्घाटन विशेष ट्रेनों के रूप में चलाया गया।

