Raksha Bandhan Gift : सीएम नीतीश कुमार ने रक्षाबंधन पर राज्य की बहनों को बड़ा तोहफा दिया है। बहनें रक्षाबंधन पर अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। दरअसल, 9 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन पूरे बिहार में महिलाएं अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए घरों से निकलेंगी। इसे देखते हुए बिहार सरकार ने महिलाओं के लिए दो दिनों के लिए बस किराया मुफ्त कर दिया है। सरकार के इस ऐलान से महिलाओं को अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए अपने मायके जाने में मदद मिलेगी।
इस संबंध में जानकारी देते हुए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा ने बताया कि भाई-बहन के रिश्ते का सम्मान करने और त्योहार के दिन महिलाओं को विशेष सुविधा देने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है। यह सुविधा सभी श्रेणी की बसों, साधारण, डीलक्स और वोल्वो में लागू होगी। इसके अलावा, राजधानी पटना में संचालित पिंक बस सेवा में भी महिलाएं मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। ये बसें मुख्यतः सगुना मोड़ से गांधी मैदान और गांधी मैदान से एम्स तक चलती हैं।
त्योहारों के दौरान बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए, बीएसआरटीसी ने अतिरिक्त बसें चलाने का भी निर्णय लिया है ताकि महिलाओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही, सभी चालकों और परिचालकों को महिलाओं की यात्रा के दौरान विशेष ध्यान रखने और इस योजना का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया है। परिवहन निगम ने यात्रियों से इस पहल का भरपूर लाभ उठाकर रक्षाबंधन को सुरक्षित, आरामदायक और यादगार बनाने की अपील की है। महिलाओं और छात्राओं को बसों में यात्रा के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा। यह सुविधा 9 अगस्त (शनिवार) सुबह 6 बजे से 10 अगस्त (रविवार) देर शाम तक लागू रहेगी।

