Bihar Politics : लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और राजद विधायक तेज प्रताप यादव सोमवार को बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर विधानसभा क्षेत्र पहुँचे। वे बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ बाढ़ प्रभावित इलाकों में गए और वहाँ राहत सामग्री बाँटी।
तेज प्रताप यादव नाव से बिदुपुर के जुरावनपुर घाट होते हुए राघोपुर पहुँचे। यहाँ उन्होंने स्थानीय लोगों से मिलकर उनका हालचाल जाना और बाढ़ पीड़ितों को सूखा राशन, दवाइयाँ और चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराईं। उनके साथ मौजूद डॉक्टरों ने प्रभावित ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया।
तेज प्रताप यादव के इस दौरे से राघोपुर में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। लोग चर्चा कर रहे हैं कि पहले जहाँ उन्होंने महुआ विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की बात कही थी, वहीं अब वे छोटे भाई और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के क्षेत्र राघोपुर में सक्रियता दिखा रहे हैं। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नाव से ग्रामीणों को संबोधित किया और उन्हें आपदा से बचाव की जानकारी दी। साथ ही राहत सामग्री का वितरण भी जारी रखा।

