Bihar Police : बिहार के मोतिहारी में पुलिस का शर्मनाक चेहरा सामने आया है। एक दंपत्ति के साथ पुलिस द्वारा बदसलूकी का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने वाहन चेकिंग के नाम पर उनकी गाड़ी रोकी और उनके पति के साथ मार पीट शुरू कर दी. जब बीच-बचाव करने पत्नी आई, तो उसके साथ भी छेड़खानी की गयी। इस मामले में पीड़ित दंपत्ति ने वरिष्ठ अधिकारी को पत्र भेजकर शिकायत की थी। जिसके बाद एसपी स्वर्ण प्रभात ने सब-इंस्पेक्टर अनुज कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और सदर एसडीपीओ को मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।
इस घटना के दौरान छतौनी थाने के मोबाइल नंबर पर कई बार कॉल किया गया, लेकिन थानेदार ने कॉल रिसीव नहीं किया। बाद में सरकारी मोबाइल बंद कर दिया गया। घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें पुलिसकर्मी पति-पत्नी के साथ धक्का-मुक्की करते दिख रहे हैं। दो पुरुष पुलिसकर्मी महिला को पकड़कर जबरन जीप में बिठा रहे हैं। हालाँकि, मौके पर मौजूद भीड़ ने भी इसका फायदा उठाया। भीड़ में मौजूद लोगों ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की भी की। इस मामले में पुलिस ने छतौनी थाने में पीड़िता का बदला लेने वाला बयान लेकर उसे वायरल कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, छतौनी के चीनी मिल बरियारपुर के पास रात के अंधेरे में वाहन चेकिंग के नाम पर पति-पत्नी को रोका गया। इस दौरान पति की पिटाई की गई। पत्नी ने विरोध किया तो उसके साथ भी बदसलूकी की गई। इसी बीच, मौके पर भीड़ जमा हो गई। भीड़ में मौजूद लोगों ने भी पुलिस कार्रवाई का विरोध करना शुरू कर दिया। भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी की।
मौके पर महिला ने बताया कि पुलिसकर्मी रात के अंधेरे में छिपे हुए थे। जैसे ही उनकी गाड़ी पहुँची, उन्होंने उसे रोक लिया और पहचान पत्र दिखाने के नाम पर बदसलूकी करने लगे। उसने उन पर अपने पति की पिटाई और छेड़छाड़ का भी आरोप लगाया। हालाँकि, सोमवार को छतौनी पुलिस ने थाने में रिकॉर्ड की गई महिला का वीडियो वायरल कर दिया, जिसमें महिला कह रही है कि उसे पुलिस से कोई शिकायत नहीं है। यह बयान एक महिला पुलिस अधिकारी ने मोबाइल पर रिकॉर्ड किया है।

