Bihar News : बिहार में रिश्वतखोरी के आरोप में महिला इंस्पेक्टर आभा कुमारी को एसपी स्वर्ण प्रभात ने निलंबित कर दिया है। एसपी ने कहा है कि मोतिहारी जिले के पिपरा थाने में तैनात आरोपी इंस्पेक्टर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
महिला इंस्पेक्टर एक मामले में जमानत देने के लिए रिश्वत के तौर पर पैसों के अलावा डिज़ाइनर सूट की मांग कर रही थी। इसका ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
एसपी ने बताया कि शिकायतकर्ता ने व्हाट्सएप पर रिश्वत मांगे जाने की शिकायत की थी। जांच कराई गई। आरोप सही पाया गया। इसी आधार पर इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया गया है। बताया गया कि पिपरा थाने की महिला इंस्पेक्टर आभा कुमारी फोन पर मामले में जमानत देने से संबंधित लेन-देन कर रही थीं।
बदले में वह रिश्वत के तौर पर कपड़ों के अलावा नकदी का लेन-देन कर रही थीं। इसकी ऑडियो रिकॉर्डिंग शिकायतकर्ता ने उपलब्ध कराई है। वादी की पहचान गुप्त रखी गई है। उन्होंने कहा कि भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। महिला इंस्पेक्टर पटना के मनेर के सराय मोहल्ला की रहने वाली हैं। एसपी की कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई है।

