Bihar Election 2025 : बिहार के समस्तीपुर जिले में सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र से बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां के शितलपट्टी गांव स्थित केएसआर कॉलेज के पास सड़क पर बड़ी संख्या में वीवीपैट से निकली पर्चियां फेंकी हुई मिली है। घटना सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही पूरा प्रशासनिक तंत्र हरकत में आ गया है और चुनाव आयोग ने भी इस प्रकरण को बेहद गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
जिलाधिकारी को मामले की जांच शुरू करने का निर्देश दिया गया है। वहीं संबंधित एआरओ को निलंबित कर दिया गया है और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी जारी है। इसके अलावा दो अन्य कर्मचारियों को भी लापरवाही के आरोप में कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है।
पहला चरण का मतदान इस सीट पर 6 नवंबर को हुआ था। लेकिन 8 नवंबर की सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने हजारों की संख्या में वीवीपैट पर्चियां कूड़े में पड़ी देखीं, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
जानकारी मिलते ही डीएम रोशन कुशवाहा, एसपी अरविंद प्रताप सिंह, एसडीओ दिलीप कुमार, एएसपी संजय कुमार पांडे सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने सभी पर्चियों को कब्जे में ले लिया और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। डीएम ने तुरन्त दो कर्मियों को सस्पेंड कर प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा अन्य दोषियों की पहचान भी की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह चुनाव विभाग की गंभीर लापरवाही है। राजनीतिक दलों के उम्मीदवार भी स्थल पर पहुंचे और इस घटना की गहन जांच की मांग की। फिलहाल जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि मिली हुई पर्चियां वास्तविक मतदान से संबंधित हैं या फिर प्रशिक्षण या टेस्टिंग के दौरान निकली हुई थीं जिन्हें गलत तरीके से फेंक दिया गया।
समस्तीपुर डीएम रोशन कुशवाहा ने कहा कि डिस्पैच सेंटर के पास लावारिस वीवीपैट पर्चियों की जानकारी मिलते ही वे खुद अधिकारियों के साथ पहुंचे। प्रत्याशियों की मौजूदगी में सभी पर्चियों को सील कर जब्त किया गया है। दो कर्मचारियों की पहचान की जा चुकी है और उनके खिलाफ निलंबन व प्राथमिकी दर्ज की सिफारिश की गई है। साथ ही उन्होंने लोगों से अफवाहों से बचने की अपील भी की।

