Bihar Teacher Transfer : बिहार में अब सरकारी स्कूलों के शिक्षकों का स्वैच्छिक तबादला होगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तबादले का इंतजार कर रहे बिहार के शिक्षकों को बड़ी राहत दी है। सीएम नीतीश ने एक्स पर जानकारी दी है कि अब तबादले के लिए आवेदन करने वाले शिक्षकों के पास तीन जिलों का विकल्प देना होगा और इसी में से किसी एक जिले में उनका तबादला किया जाएगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक्स पर लिखा – शिक्षकों के तबादलों के संबंध में विभिन्न स्रोतों से सुझाव प्राप्त हुए हैं। इसकी समीक्षा के क्रम में मैंने शिक्षा विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिन शिक्षकों को अंतर-जिला तबादले से जुड़ी समस्या है, उनसे 3 जिलों का विकल्प मांगा जाएगा, जिसके बाद उन्हें उन्हीं जिलों में पदस्थापित किया जाएगा।
जिलों के भीतर पदस्थापना का कार्य जिला पदाधिकारी की समिति द्वारा किया जाएगा ताकि उन्हें वांछित प्रखंडों में या यथासंभव उनके निकट पदस्थापित किया जा सके। शिक्षक बच्चों के भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, इसलिए मेरा विनम्र अनुरोध होगा कि वे इसकी चिंता न करें बल्कि बिहार के बच्चों की शिक्षा के लिए पूरी लगन से कार्य करें।
यहाँ आपको बता दें कि बिहार में शिक्षकों के पारस्परिक स्थानांतरण हेतु बुधवार को ई-शिक्षा पोर्टल खोल दिया गया है। यह पोर्टल विशेष रूप से उन शिक्षकों के लिए खोला गया है जो स्थानांतरण प्रक्रिया में छूट गए थे और स्थानांतरण न हो पाने के कारण पारिवारिक समस्याओं का सामना कर रहे हैं। पारस्परिक स्थानांतरण प्रक्रिया के तहत दो शिक्षक आपसी सहमति से अपने स्थानांतरण के लिए आवेदन कर सकते हैं। दोनों शिक्षकों को निर्धारित शर्तों का पालन करते हुए आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे। इसके बाद दोनों शिक्षकों का एक-दूसरे के जिलों में स्थानांतरण हो जाएगा।

