Viral Video : पुलिस विभाग का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो में वर्दी पहने एक एएसआई नशे की हालत में लड़खड़ाते हुए रेलवे ट्रैक पार करता दिख रहा है। इस दौरान वह गाली-गलौज और अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल कर रहा है। घटना उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के लंभुआ कोतवाली थाना क्षेत्र की है। दरोगा का नाम श्याम कुमार सिंह बताया जा रहा है, जो शिवगढ़ थाने में तैनात हैं।
होमगार्ड जवान के साथ बाइक पर थे सवार :
यह घटना गुरुवार दोपहर की बताई जा रही है। दरोगा श्याम कुमार सिंह एक होमगार्ड के साथ बिना हेलमेट के बाइक चला रहे थे। बाइक पर नंबर प्लेट भी नहीं थी। बंद रेलवे क्रॉसिंग पार करने के बाद दरोगा खुद रेलवे ट्रैक पर चलने लगे। इस दौरान एक ट्रेन भी मौके से गुज़री, लेकिन गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ।

विभागीय कार्रवाई शुरू :
पुलिस विभाग ने कैमरे पर कोई आधिकारिक बयान देने से इनकार कर दिया है। हालांकि, फोन पर संपर्क करने पर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वीडियो उच्च अधिकारियों को भेज दिया गया है। विभागीय स्तर पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी हो चुकी है विभागीय कार्रवाई :
जानकारी के अनुसार, दरोगा श्याम कुमार सिंह वर्तमान में शिवगढ़ थाने से संबद्ध हैं। फिलहाल, वह लम्भुआ इलाके में रिजर्व क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) वाहन पर तैनात थे। यह पहली बार नहीं है जब वह विवादों में घिरे हों। इससे पहले भी कादीपुर में तैनाती के दौरान उन पर नशे में धुत होने और अनुशासनहीनता के आरोप में विभागीय कार्रवाई हो चुकी है।

