झारखंड की राजनीति का एक युग आज समाप्त हो गया। आदिवासी चेतना के स्वर, झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का सोमवार सुबह दिल्ली में निधन हो गया। 81 वर्षीय दिशोम गुरु पिछले कई हफ़्तों से किडनी की बीमारी से पीड़ित थे और सर गंगाराम अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन की जानकारी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने साझा की और भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने न सिर्फ़ अपने पिता, बल्कि राज्य की आत्मा को खो दिया है।
झारखंड के मुख्यमंत्री और उनके बेटे हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा, “आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सबको छोड़कर चले गए। आज मैं खाली हो गया हूँ।”
आपको बता दें कि शिबू सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा के एक प्रमुख नेता और संस्थापक संरक्षक थे, जो पिछले 38 वर्षों से पार्टी का नेतृत्व कर रहे थे। उनका जन्म 11 जनवरी 1944 को बिहार के हज़ारीबाग ज़िले में हुआ था, जो अब झारखंड का हिस्सा है। जनता उन्हें ‘दिशोम गुरु’ और ‘गुरुजी’ कहकर सम्मान देती थी। शिबू सोरेन ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत आदिवासियों के शोषण के खिलाफ संघर्ष से की और 1970 के दशक में धनकटनी आंदोलन समेत कई आंदोलनों के जरिए आदिवासी समाज की आवाज को मजबूती से उठाया।
दिशोम गुरु का पार्थिव शरीर आज शाम दिल्ली से रांची लाया जा रहा है। उनका पार्थिव शरीर शाम 4 से 5 बजे के बीच रांची एयरपोर्ट पहुंचेगा, जहां से उन्हें मोरहाबादी स्थित उनके आवास ले जाया जाएगा। वहीं, कल सुबह 11 बजे शिबू सोरेन को अंतिम दर्शन के लिए झारखंड विधानसभा परिसर में रखा जाएगा, जहां राज्य सरकार, विधायक और आम जनता उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को रामगढ़ जिले के नेमरा गांव ले जाया जाएगा, जो उनका पैतृक स्थान है। मंगलवार दोपहर 3 बजे नेमरा में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके सम्मान में पूरे राज्य में शोक की लहर है।
पीएम मोदी और नीतीश कुमार ने जताया शोक:
शिबू सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त करने वालों का सिलसिला जारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें गरीबों और वंचितों के लिए समर्पित एक जमीनी नेता बताया। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें एक संघर्षशील और ऐतिहासिक व्यक्तित्व बताया और कहा कि उनका निधन देश की राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है। राजधानी रांची स्थित झामुमो मुख्यालय में पार्टी का झंडा झुकाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
झारखंड में तीन दिन का राजकीय शोक:
झारखंड सरकार ने शिबू सोरेन के सम्मान में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। 4 से 6 अगस्त, 2025 तक पूरे राज्य में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। इस दौरान तीन दिन राज्य के सभी सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। शोक की अवधि के दौरान कोई भी सरकारी कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा।

