Bihar News : बिहार के दरभंगा में शनिवार को एक बड़ा हादसा हुआ है। यहाँ गौड़ाबौराम प्रखंड क्षेत्र स्थित कमला नदी के बेलाही घाट पर डूबने से चार बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। इसमें तीन लड़कियां और एक लड़का है। पुलिस के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब बसोली गाँव के आठ बच्चे नदी में नहा रहे थे। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

बताया जाता है कि खेलते-खेलते दोपहर करीब 12 बजे सभी बच्चे नहाने के लिए नदी में कूद गए। इसी दौरान तेज बहाव में चार बच्चे डूब गए। मृतक बच्चों की पहचान बसोली गाँव निवासी चंदू देवी की पुत्री शीतला कुमारी (14), नारायण मुखिया की पुत्री लक्ष्मी कुमारी (13), प्रमोद मुखिया की पुत्री अंशु कुमारी (14) और जयशंकर तांती के पुत्र रोहित कुमार (14) के रूप में हुई है। ये सभी बच्चे कासरोड मध्य विद्यालय के आठवीं कक्षा के छात्र थे।

ग्रामीण चंदन कुमार ने बताया कि घटना का शिकार रोहित कुमार डूब रहे तीन बच्चों को बचाने के लिए नदी में कूद गया। इस दौरान वह नारायण मुखिया की पुत्री सरस्वती कुमारी (15) और संतोष मुखिया की पुत्री अनिशा कुमारी (14) को नदी से बाहर निकालने में सफल रहा, लेकिन दूसरे बच्चे को बाहर निकालते समय वह गहरे पानी में चला गया। जिससे उसकी भी डूबने से मौत हो गई।

इस दुखद घटना से पूरे बसौली गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे पर स्थानीय मुखिया रंजीत कुमार झा, सरपंच शंकर झा और पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि पवन कुमार झा ने बच्चों की मौत पर दुख व्यक्त किया है और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

Share.

बिहार टुडे (bihartodayonline.com) एक स्वतंत्र, निष्पक्ष, और विश्वसनीय समाचार माध्यम है. इस पर राजनीति, व्यापार, करियर, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक मुद्दों पर विस्तृत और सटीक जानकारी प्रकाशित की जाती है.

Exit mobile version