Uttarkashi Cloudburst : उत्तरकाशी में बादल फटने से मंगलवार को भारी तबाही मची। यह हादसा हर्षिल आर्मी कैंप से महज 4 किलोमीटर दूर धराली गाँव में हुआ। खबरों के मुताबिक, इस हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 40 से ज़्यादा लोग लापता हैं और 100 से ज़्यादा लोग फंसे हुए बताए जा रहे हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुँच गई हैं और बचाव अभियान जारी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सीएम धामी से बात की:

इस हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है और मुख्यमंत्री धामी से फ़ोन पर बात कर राहत कार्यों की जानकारी ली है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुँचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं और लगातार अधिकारियों के संपर्क में हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया दुःख :

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा- “धराली (उत्तरकाशी) क्षेत्र में बादल फटने से हुए भारी नुकसान की खबर बेहद दुखद और पीड़ादायक है। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जिला प्रशासन और अन्य संबंधित टीमें राहत एवं बचाव कार्यों में युद्धस्तर पर लगी हुई हैं। मैं इस संबंध में लगातार वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्क में हूँ और स्थिति पर कड़ी नज़र रखी जा रही है। मैं ईश्वर से सभी की सुरक्षा की प्रार्थना करता हूँ।”

 

 

5 होटल पूरी तरह तबाह:

जानकारी के अनुसार, गंगोत्री धाम के मुख्य पड़ाव धराली में खीर गंगा नदी में आई विनाशकारी बाढ़ में 5 होटल पूरी तरह तबाह हो गए हैं। लोगों ने बताया कि खीर गंगा के जलग्रहण क्षेत्र के ऊपर कहीं बादल फट गया, जिसके कारण यह विनाशकारी बाढ़ आई है। विनाशकारी बाढ़ से लोगों में दहशत का माहौल है। उत्तरकाशी के डीएम प्रशांत आर्य ने बताया कि जिस जगह बादल फटा, वहाँ कई होटल और रेस्टोरेंट हैं। आर्य ने बताया कि कुछ पर्यटक भी वहाँ फंसे हुए हैं। खबरों के अनुसार, इस घटना में 10 लोगों की मौत हो गई है, 40 से अधिक लोग लापता हैं और 100 से अधिक लोग फंसे हुए हैं।

 

हेल्पलाइन नंबर जारी :

वहीं उत्तरकाशी प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं ताकि लोग अपनों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकें।

01374-222126, 01374-222722, 9456556431

 

Share.

बिहार टुडे (bihartodayonline.com) एक स्वतंत्र, निष्पक्ष, और विश्वसनीय समाचार माध्यम है. इस पर राजनीति, व्यापार, करियर, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक मुद्दों पर विस्तृत और सटीक जानकारी प्रकाशित की जाती है.

Exit mobile version