Bihar Politics : बिहार में विपक्ष के कई विधायक पाला बदल सकते हैं। इसकी एक झलक शुक्रवार को गयाजी में पीएम मोदी की रैली में देखने को मिली। प्रधानमंत्री मोदी की रैली में मंच पर राजद के दो विधायक नजर आए। नवादा से विधायक विभा देवी और रजौली से विधायक प्रकाश वीर ने भी एनडीए नेताओं के साथ मंच साझा किया।
दोनों विधायकों ने राजद से दूरी बना ली :
जानकारी के अनुसार, जब पीएम मोदी गयाजी पहुँचे, तो मंच पर नवादा से राजद की वर्तमान विधायक विभा देवी और रजौली से विधायक प्रकाश वीर भी नजर आए। विभा देवी हाल ही में जेल से रिहा हुए बाहुबली राजबल्लभ यादव की पत्नी हैं। सूत्रों के अनुसार, दोनों राजद विधायक एनडीए की किसी पार्टी में शामिल हो सकते हैं।
बताया जा रहा है कि दोनों विधायकों ने राजद से दूरी बना ली है। राजबल्लभ यादव से राजद की दूरी के बाद हाल ही में तेजस्वी यादव ने नवादा से जदयू के पूर्व विधायक कौशल यादव को पार्टी में शामिल करवाया था। प्रकाश वीर भी राजबल्लभ यादव का समर्थन करते रहे हैं।

