Tejashwi Yadav : रक्षाबंधन पर बिहार की बहनों को एक पत्र लिखकर राजद नेता तेजस्वी यादव ने उनसे अपने नाम की राखी बांधने और वोट देने का आग्रह किया है। बेशक यह पत्र राजनीतिक है, लेकिन अपील भावनात्मक है और वादे लुभावने हैं। ये वही वादे हैं जो तेजस्वी इस साल की शुरुआत से करते आ रहे हैं। नीतीश सरकार ने इनमें से ज़्यादातर वादों में कुछ जोड़-घटाव करके घोषणा भी कर दी है। कुछ पर अमल भी शुरू हो गया है।
आपको बता दें कि तेजस्वी यादव ने बिहार की सभी महिलाओं और छात्राओं को अपनी बहन बताया है और उनसे तेजस्वी के नाम की राखी भी बांधने को कहा है। इस संबंध में राजद नेता ने दो पन्नों का एक खुला पत्र जारी किया है। अपने चुनावी वादों को गिनाते हुए उन्होंने दावा किया है कि उनके ‘तेजस्वी भैया’ हर घर की हर बहन की खुशहाली के बारे में सोच रहे हैं और नीतियाँ बना रहे हैं। इन्हें लागू करने के लिए उन्हें सभी बहनों का समर्थन चाहिए।
तेजस्वी ने अपने पत्र में महिलाओं को 2,500 रुपये प्रति माह देने वाली माई-बहन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम, 1,500 रुपये प्रति माह सामाजिक सुरक्षा पेंशन, 500 रुपये में गैस सिलेंडर, 200 यूनिट मुफ्त बिजली, लड़कियों के लिए आवासीय कोचिंग संस्थान, विश्व स्तरीय खेल प्रशिक्षण, नौकरियाँ, रोज़गार, मुफ़्त परीक्षा फॉर्म, पेपर लीक पर रोक जैसी अन्य चुनावी घोषणाओं का भी ज़िक्र किया है।

