Road Accident : बिहार के बेगूसराय जिले के लाखो थाना क्षेत्र में मंगलवार को एनएच-31 फोरलेन पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। इनियार ढाला के पास पुलिस वैन और बाइक की जोरदार टक्कर हुई जिसमें बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, वैन पलटने से उसमें सवार दर्जनों प्रशिक्षु होमगार्ड जवानों में से 12 घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत नाजुक बतायी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, खगड़िया जिले के सोंधिया गांव निवासी रणवीर कुमार अपनी पत्नी रोशनी देवी (28 वर्ष) और 10 वर्षीय बेटे निशांत के साथ इलाज के लिए बेगूसराय जा रहे थे। जैसे ही वे शाहपुर ढाला के पास पहुंचे, पीछे से तेज गति से आ रही पुलिस वैन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोशनी देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रणवीर और उनका बेटा बुरी तरह जख्मी हो गए।

 

 

पुलिस वैन में सवार 12 होमगार्ड जवान घायल :

वहीं, दुर्घटना के बाद पुलिस वैन असंतुलित होकर पलट गई। इस वैन में करीब 40 प्रशिक्षु होमगार्ड जवान सवार थे, जो बलिया सदानंदपुर कॉलेज से प्रशिक्षण के बाद बरौनी लौट रहे थे। हादसे में 12 जवान घायल हो गए। बताया जा रहा है कि वैन पलटते ही जवान घबराकर इधर-उधर कूदने लगे, जिससे कई लोग चोटिल हो गए।

 

घायल जवानों में बिट्टू कुमार (22), किशोरी कुमार (27), अभिषेक कुमार (24), सूरज कुमार (24), छोटू कुमार (31), प्रवीण कुमार (26), नितेश कुमार और प्रेमचंद्र कुमार शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि कुछ गंभीर घायलों का उपचार निजी क्लीनिकों में चल रहा है।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है।

Share.

बिहार टुडे (bihartodayonline.com) एक स्वतंत्र, निष्पक्ष, और विश्वसनीय समाचार माध्यम है. इस पर राजनीति, व्यापार, करियर, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक मुद्दों पर विस्तृत और सटीक जानकारी प्रकाशित की जाती है.

Exit mobile version