Road Accident : बिहार के नालंदा में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां के बिहटा-सरमेरा मुख्य मार्ग SH 78 पर शनिवार देर रात सरमेरा थाना क्षेत्र के भेंडा गांव के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे 20 फीट गड्ढे में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। जिसे बिहारशरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तीन लोगों की मौत: गड्ढे में गिरने से कार सवार चार लोगों में से तीन की दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। जिसे बिहारशरीफ के मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद बचाव कार्य शुरू किया गया। बताया जाता है कि हादसा के समय कार की स्पीड करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे थी। इस दौरान कार अनियंत्रित होकर बैरिकेडिंग तोड़ दी, जिसके बाद यह हादसा हुआ है।
रात में अंधेरा और गड्ढे में पानी भरा होने के कारण पुलिस और स्थानीय लोगों को बचाव अभियान में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबह क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला गया, तब जाकर तीन युवकों के शव बरामद हुए।
मृतकों की पहचान सरमेरा थाना क्षेत्र के मोती बिगहा गांव निवासी अरविंद पासवान, महमदपुर निवासी पवन कुमार और शेखपुरा जिले के शेखोपुर सराय के अस्थाना गांव निवासी सनी राज के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है।
सभी मृतकों की उम्र 20 से 25 साल के बीच बताई जा रही है। घायल व्यक्ति को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार और चालक का नियंत्रण खोना इस हादसे का मुख्य कारण हो सकता है।
इस घटना की पुष्टि करते हुए रहुई थानेदार कुणाल कुमार ने बताया कि इस हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह घटना सरमेरा थाना क्षेत्र में हुई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और गुलशन कुमार नामक एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका इलाज बिहारशरीफ सदर अस्पताल में चल रहा है।

