Voter Adhikar Yatra : बिहार में चल रही कांग्रेस नेता राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा में मंगलवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी शामिल हुई। इस दौरान तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, राजद नेता तेजस्वी यादव, माले महासचिव दीपांकर भट्टाचार्या और INDIA गठबंधन के अन्य नेता भी मौजूद रहे। इस अवसर पर सभी नेता एक एसयूवी की छत पर बैठकर भीड़ का अभिवादन करते नज़र आए।
एक दिन के ब्रेक के बाद यात्रा फिर से शुरू हुई:
सोमवार को विराम के बाद मंगलवार को यात्रा फिर से शुरू हुई। इससे पहले, राहुल गांधी ने रविवार को अररिया में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि INDIA गठबंधन के सभी दल बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एकजुट होकर काम कर रहे हैं और इसके सकारात्मक परिणाम आएंगे। उन्होंने कहा कि गठबंधन का एक संयुक्त घोषणापत्र जल्द ही जारी किया जाएगा।
एनडीए सरकार पर राहुल गांधी का हमला:
एनडीए सरकार पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि चुनाव आयोग द्वारा बिहार में मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) दरअसल “भाजपा को फायदा पहुँचाने और वोट चुराने का एक संस्थागत प्रयास” है। उन्होंने इसे लोकतंत्र के विरुद्ध बताया और कहा कि इसके विरोध में मतदाता अधिकार यात्रा चलाई जा रही है।
16 दिनों की यात्रा :
‘वोटरअधिकार यात्रा’ 17 अगस्त को सासाराम से शुरू हुई और 1 सितंबर को पटना में एक बड़ी रैली के साथ समाप्त होगी। इस दौरान यह यात्रा 1,300 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और बिहार के कई जिलों से होकर गुज़रेगी। अब तक यह यात्रा गया, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, कटिहार और पूर्णिया जिलों से होकर गुज़र चुकी है। इसके बाद यह मधुबनी, दरभंगा, सीतामढ़ी, पश्चिमी चंपारण, सारण, भोजपुर और पटना जिलों से होकर गुज़रेगी।

