Police Encounter in Bihar : बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में शनिवार रात रोहतास के कोचस थाना क्षेत्र के तकिया इलाके में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई, इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो अपहरणकर्ताओं के पैर में गोली लग गई। जिससे दोनों अपहरणकर्ता जख्मी हो गए। जिसके बाद पुलिस ने जख्मी अपहरणकर्ता सहित सात अपराधियों को मौके से गिरफ्तार किया है। दोनों जख्मी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अपहृत शिक्षक बरामद, सात अपराधी गिरफ्तार :
पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार के अनुसार, शिक्षक अपहरण मामले में शनिवार को जैसे ही पुलिस टीम ने तकिया इलाके में संदिग्ध ठिकाने पर छापा मारा, अपराधियों ने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलीबारी की। जिसमें दो अपहरणकर्ताओं के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने सात अपराधियों को गिरफ्तार कर अपहृत शिक्षक को सकुशल बरामद कर लिया। एसपी रोशन कुमार के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया।
देसी कट्टा और कारतूस बरामद :
इस अभियान में दो अपराधी, सासाराम के बड़हियाबाग निवासी रामाशीष शर्मा और कैमूर के बेलौदी गाँव निवासी प्रकाश कुमार गुप्ता, पैर में गोली लगने से घायल हो गए। दोनों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मौके से दो देसी कट्टा, कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया है।
पुलिस आगे की जाँच में जुटी :
इसके साथ ही, सासाराम के एसडीपीओ 2 कुमार वैभव ने अभियान की पुष्टि करते हुए बताया कि इस अभियान में सात अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है और अपहृत शिक्षक पूरी तरह सुरक्षित मिल गए हैं। हालांकि, अन्य संभावित मामलों की जाँच की जा रही है।
शुक्रवार से लापता थे शिक्षक :
जानकारी के अनुसार, शिक्षक दिलीप कुमार शुक्रवार से लापता थे। जब वे कपसियाँ मध्य विद्यालय से घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में अपराधियों ने उनका अपहरण कर लिया। इसके साथ ही अपराधियों ने देर रात तक परिवार से फिरौती की माँग की। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। जिसके बाद तकनीकी जाँच के सहारे पुलिस अपहरणकर्ताओं तक पहुँचने में सफल रही।

