Good News : बिहार की लाखों महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 75 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में ₹10,000 की पहली किस्त सीधे ट्रांसफर की जाएगी। पहले यह राशि 22 सितंबर को जारी की जानी थी, लेकिन अब इसकी तिथि बदलकर शुक्रवार, 26 सितंबर कर दी गई है।
कार्यक्रम में पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार होंगे शामिल :
इस अवसर पर राज्यभर में बड़े पैमाने पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑनलाइन माध्यम से जुड़ेंगे, जबकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना में आयोजित मुख्य समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। इस योजना के लिए राज्य सरकार लगभग ₹7,500 करोड़ रुपये वितरित करेगी। ग्रामीण विकास विभाग ने सभी जिलाधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके साथ ही पंचायत स्तर पर भी कार्यक्रम होंगे, जहाँ जीविका स्वयं सहायता समूहों की दीदियाँ सक्रिय रूप से भाग लेंगी।
योजना का उद्देश्य :
- इस योजना का मकसद महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना है।
- महिलाओं को ₹10,000 की राशि छोटे कारोबार, खेती, पशुपालन, हस्तशिल्प, सिलाई-बुनाई और अन्य उद्यमों में निवेश करने के लिए दी जाएगी।
- अच्छा प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को आगे चलकर ₹2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता भी मिलेगी।
- योजना का मुख्य लक्ष्य ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है।
अब तक कितनी महिलाओं ने आवेदन किया?
ग्रामीण क्षेत्र: 1.7 करोड़ जीविका दीदियों ने आवेदन किया है। इसके अलावा 1.40 लाख से ज्यादा महिलाओं ने समूहों में शामिल होने के लिए भी आवेदन किया है।
शहरी क्षेत्र: 4.66 लाख शहरी महिलाओं ने आवेदन किया है, जबकि 4.40 लाख से अधिक महिलाएँ स्वयं सहायता समूहों में शामिल होने की इच्छुक हैं।

किन्हें मिलेगा योजना का लाभ?
- पति-पत्नी और अविवाहित बच्चों वाले परिवार की महिलाएँ पात्र होंगी।
- 18 से 60 वर्ष की अविवाहित महिलाएँ, जिनके माता-पिता जीवित नहीं हैं, भी लाभ उठा सकेंगी।
- आवेदक और उनके पति आयकरदाता नहीं होने चाहिए।
- न तो आवेदक और न ही उनके पति किसी सरकारी नौकरी (नियमित या संविदा) में हों।
- केवल जीविका स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएँ ही इस योजना का लाभ ले पाएँगी।
आवेदन प्रक्रिया :
ग्रामीण क्षेत्र: महिलाएँ अपने ग्राम संगठन में आवेदन करेंगी। समूह स्तर पर विशेष बैठक कर सभी आवेदन एकत्र किए जाएँगे। जो महिलाएँ अभी समूह से जुड़ी नहीं हैं, उन्हें पहले आवेदन कर समूह की सदस्यता लेनी होगी।
शहरी क्षेत्र: महिलाएँ जीविका की वेबसाइट http://www.brlps.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। यदि महिला पहले से एसएचजी से जुड़ी है तो उसे अलग से आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी।

