Good News : बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राज्य सरकार ने नागरिकों को लगातार नई योजनाओं का तोहफ़ा देना शुरू कर दिया है। हाल ही में महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की घोषणा की गई थी। इसके बाद युवाओं को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना शुरू की गई। वहीं छात्रों के लिए बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना को ब्याज मुक्त कर दिया गया। अब श्रमिक वर्ग को भी सरकार ने बड़ी राहत दी है।

विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने श्रमिकों के खाते में सीधी आर्थिक मदद पहुंचाई है। जानकारी के अनुसार राज्य के 16 लाख 4 हजार 929 निर्माण श्रमिकों के बैंक खातों में वार्षिक वस्त्र सहायता योजना के तहत 5-5 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। इस मद में कुल 802 करोड़ 46 लाख 45 हजार रुपये की राशि जारी की गई है।

मुख्यमंत्री ने खुद सोशल मीडिया पर इसकी पुष्टि करते हुए लिखा कि यह राशि बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के माध्यम से भेजी गई है। सरकार का मानना है कि इस आर्थिक सहयोग से मजदूरों को त्योहारों और रोज़मर्रा की जरूरतों में मदद मिलेगी।

क्या है वस्त्र सहायता योजना ?

बिहार सरकार पंजीकृत मज़दूरों के लिए कई योजनाएँ चलाती है। बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित वार्षिक वस्त्र सहायता योजना के तहत, प्रतिवर्ष ₹5,000 प्रदान किए जाते हैं। इस राशि का उपयोग वर्दी खरीदने में किया जाता है।

किन मजदूरों को मिलेंगे ₹5,000 रुपये :

इस योजना का लाभ केवल उन्हीं मज़दूरों को मिलेगा जिन्होंने बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकरण कराया है। पंजीकरण के बाद ही वे बोर्ड की योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं।

जानें कैसे होगा रजिस्ट्रेशन ?

  • 18 से 60 वर्ष की आयु के निर्माण मज़दूर पंजीकरण करा सकते हैं।
  • आवेदन के समय, 90 दिनों के पूर्व कार्य का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
    यह प्रमाण पत्र नियोक्ता/ठेकेदार/भवन निर्माण मज़दूर संघ/सहायक श्रम आयुक्त/श्रम अधीक्षक/श्रम प्रवर्तन अधिकारी द्वारा जारी किया जाएगा।
  • मनरेगा मज़दूर भी बोर्ड में पंजीकरण करा सकते हैं।
  • इसके लिए पंजीकरण शुल्क और 5 वर्षों का अंशदान देना होगा, जो बहुत मामूली है।

किन दस्तावेजों की होगी जरूरत :

  • 2 पासपोर्ट आकार के फ़ोटो
  • 90 दिनों के कार्य का प्रमाण पत्र
  • आधार कार्ड
  • बैंक पासबुक
  • जन्म प्रमाण पत्र
  • निवास प्रमाण पत्र
  • मनरेगा से संबंधित दस्तावेज़

कैसे मिलेगा योजनाओं का लाभ ?

बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकरण के बाद, वे बोर्ड की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए, उन्हें बोर्ड कार्यालय जाकर एक फॉर्म भरना होगा। वस्त्र सहायता योजना की राशि भी इसी माध्यम से वितरित की जाएगी।

Share.

बिहार टुडे (bihartodayonline.com) एक स्वतंत्र, निष्पक्ष, और विश्वसनीय समाचार माध्यम है. इस पर राजनीति, व्यापार, करियर, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक मुद्दों पर विस्तृत और सटीक जानकारी प्रकाशित की जाती है.

Exit mobile version