Tejashwi Yadav : चुनाव आयोग ने बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव को फिर नोटिस भेजा है। आयोग ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता से दो वोटर आईडी रखने के मामले में फिर जवाब मांगा है। इस संबंध में बुधवार को दीघा विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने एक पत्र लिखा था।
इसमें तेजस्वी को 1 अगस्त को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताए गए EPIC से संबंधित वोटर आईडी 8 अगस्त तक जमा करने को कहा गया है। तेजस्वी यादव को रविवार को भी आयोग ने नोटिस भेजा था। बताया जा रहा है कि नेता प्रतिपक्ष की ओर से पहले पत्र का जवाब नहीं मिलने के बाद उन्हें दोबारा नोटिस भेजा गया है।
इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण के घर-घर सत्यापन अभियान के बाद 1 अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की गई थी। इसके तुरंत बाद तेजस्वी यादव ने पटना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया था कि उनका नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में नहीं है। उन्होंने मीडिया के सामने आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना EPIC (मतदाता पहचान संख्या) डालकर SIR ड्राफ्ट में अपना नाम खोजा था। तेजस्वी ने दावा किया कि उनका नाम ड्राफ्ट में नहीं दिख रहा है।
हालांकि, चुनाव आयोग ने राजद नेता के इस दावे को खारिज कर दिया। पटना जिला प्रशासन ने कहा कि तेजस्वी का नाम बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय पुस्तकालय भवन मतदान केंद्र संख्या 204 पर ड्राफ्ट मतदाता सूची में दर्ज है। इसकी तस्वीर भी प्रशासन ने सार्वजनिक की थी।
चुनाव आयोग ने अपने नोटिस में कहा कि तेजस्वी यादव द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिखाया गया EPIC यानी वोटर आईडी नंबर गलत है। निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी का कहना है कि EPIC नंबर RAB2916120 आधिकारिक रूप से जारी नहीं किया गया है। तेजस्वी को ड्राफ्ट मतदाता सूची में जो EPIC नंबर मिला है, वह RAB0456228 है। ऐसे में नोटिस में कहा गया है कि तेजस्वी द्वारा बताए गए वोटर आईडी को आयोग में जमा करें, ताकि इसकी जांच की जा सके।

