Crime News : बिहार में निर्भया कांड जैसा ही एक मामला सामने आया है। राजधानी पटना में एक बस ड्राइवर ने नेपाली युवती के साथ दो दिन तक रेप किया। इस मामले में पीड़िता ने बुधवार को थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पीड़िता की उम्र करीब 25 साल बताई जा रही है। वह सिलीगुड़ी से पटना आई थी। वहीं, आरोपी बस ड्राइवर दिल्ली का रहने वाला है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, युवती अपने घर से भागकर पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी गई थी। वहां से वह दो दिन पहले ट्रेन पकड़कर पटना आई। पटना स्टेशन के बाहर उसकी मुलाकात आरोपी बस ड्राइवर से हुई। वह उसे नौकरी दिलाने के बहाने एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित बीसैप-1 कैंप परिसर में ले गया। उसने उसे दो दिनों तक बस में रखा और उसके साथ बलात्कार किया।
पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान बस ड्राइवर ने उसके मोबाइल फोन और पैसे भी छीन लिए। वह किसी तरह उसके चंगुल से निकल कर बीसैप के जवानों के पास पहुंची और उन्हें अपनी आपबीती सुनाई। इस मामले में पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि आरोपी बस ड्राइवर फरार हो गया है। पुलिस ने कहा कि आरोपी बस ड्राइवर की पहचान हो गई है, उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो जिस बस को आरोपी चला रहा था, वह बीसैप-1 के जवानों को कैंप से गांधी मैदान लाने और ले जाने के लिए तैनात थी। इन जवानों को 15 अगस्त को गांधी मैदान में होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए तैनात किया गया है।

