Bihar Weather Update : पूर्वी बिहार में चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के कारण राज्य में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 24 घंटों में गरज और बिजली के साथ बारिश की संभावना जताई है। पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सुपौल, किशनगंज और अररिया में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटों में किशनगंज के तैयबपुर में सबसे ज़्यादा बारिश दर्ज की गई।
पूर्वी बिहार और आसपास के इलाकों में हवा के चक्रवाती परिसंचरण का क्षेत्र बना हुआ है। मानसून की द्रोणिका जोधपुर, बाराबंकी, छपरा, दीघा होते हुए उत्तर पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। इनके प्रभाव से राज्य के कुछ हिस्सों में गरज, बिजली के साथ भारी बारिश की चेतावनी है।
इन जिलों में होगी भारी बारिश :
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान सभी जिलों में बादल छाए रहने, गरज, बिजली और तेज़ हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, सुपौल, किशनगंज और अररिया जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
अगले चार दिनों के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। मंगलवार को राजधानी समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में बादलों की आवाजाही और चिलचिलाती धूप के कारण मौसम असहज बना रहा।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। किशनगंज के तैयबपुर में सबसे अधिक 117.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस और मोतिहारी में सबसे अधिक 34.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
प्रमुख शहरों में दर्ज की गई बारिश :
अररिया में 95 मिमी, खगड़िया के बेलदौर में 80.2 मिमी, समस्तीपुर के हसनपुर में 78.4 मिमी, पूर्णिया के श्रीनगर में 62.2 मिमी, किशनगंज के ठाकुरगंज में 59.8 मिमी, सीवान के सिसवन में 52.6 मिमी, पटना के फतुहा में 50.8 मिमी, औरंगाबाद के मदनपुर में 50.4 मिमी, पटना के बाढ़ में 44.6 मिमी, 43 मिमी मधेपुरा।
वहीं, पटना के बख्तियारपुर में 39.2 मिमी, पूर्णिया में 36.2 मिमी, पटना के पंडारक में 36.2 मिमी, अररिया के जोकीहाट में 34 मिमी, पटना के दनियावा में 32.4 मिमी, बेतिया में 31.4 मिमी, खगड़िया के बलतारा में 30 मिमी, सासाराम में 29.6 मिमी और अथमलगोला में 28.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
प्रमुख शहरों का तापमान( डिग्री सेल्सियस में) :
| शहर | अधिकतम (°C) | न्यूनतम (°C) |
|---|---|---|
| पटना | 34.7 | 26.6 |
| गयाजी | 34.8 | 25.6 |
| भागलपुर | 34.8 | 27.0 |
| मुजफ्फरपुर | 33.0 | 27.7 |

