Bihar Weather Today : बिहार में मानसून फिर से पूरी तरह सक्रिय दिख रहा है। राजधानी पटना से लेकर किशनगंज तक भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने शनिवार, 9 अगस्त को पूरे राज्य में गरज के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है। कुछ जगहों पर येलो अलर्ट, कुछ जगहों पर ऑरेंज अलर्ट और कुछ जगहों पर रेड अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार को उत्तर और पूर्वी बिहार और कोसी-सीमांचल में भारी बारिश की संभावना है। हालांकि, दक्षिण बिहार में मानसून संबंधी गतिविधियां थोड़ी कम रहेंगी।
मौसम विभाग ने आधी रात को पटना जिले में रेड अलर्ट जारी किया और बिजली गिरने और भारी बारिश की चेतावनी दी। शुक्रवार सुबह वैशाली और सारण (छपरा) ज़िलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया और लोगों को खराब मौसम में सतर्क रहने को कहा गया है।
वहीं, बक्सर, नालंदा, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज ज़िलों में तत्काल येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन ज़िलों के कुछ इलाकों में तेज़ हवाओं और बिजली गिरने के साथ बारिश का ख़तरा है।
इन ज़िलों में भारी बारिश की संभावना:
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, 24 घंटे के भीतर किशनगंज, अररिया, सुपौल, कटिहार, भागलपुर, पूर्णिया, मधुबनी, सीतामढ़ी और शिवहर ज़िलों में भारी बारिश की संभावना है। इस इलाके में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। अगले दो-तीन दिनों तक उत्तर और पूर्वी बिहार, सीमांचल, कोसी में अच्छी बारिश होगी।

