Bihar Weather Today : बिहार में इन दिनों मानसून पूरी तरह सक्रिय है। इस वजह से राजधानी पटना समेत कई जिलों में बारिश हो रही है। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। हालाँकि, पटना में भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया है। वहीं, गंगा और कोसी नदी का जलस्तर बढ़ने से कई जगहों पर तटबंध टूटने की खबर है। फतुहा प्रखंड के 6 गाँवों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। इस बीच, पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने आज मंगलवार को राजधानी पटना समेत राज्य के 24 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
इन जिलों में आज बारिश होगी?
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर और दक्षिण बिहार के 24 जिलों में भारी बारिश, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। ये जिले हैं – पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, गया, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, पटना, शेखपुरा, बेगूसराय, मधेपुरा, सहरसा, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार।

बिहार के किन जिलों में आज मौसम सामान्य रहेगा?
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर बिहार के सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली और दक्षिण-पूर्व बिहार के मुंगेर, जमुई, बांका, भागलपुर जिलों में फिलहाल कोई चेतावनी नहीं है। इन जिलों में मौसम सामान्य रहेगा। दिन में अच्छी धूप खिलने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से नमी की आपूर्ति और मानसूनी हवाओं की सक्रियता के कारण बिहार में मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। हालाँकि, अगले कुछ दिनों में स्थिति सामान्य होने की भी उम्मीद है।

