Bihar Weather Today : मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार 15 अगस्त को उत्तर बिहार में कुछ स्थानों पर बारिश होगी। साथ ही, दक्षिण बिहार में गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना है। दक्षिण-पूर्वी जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने पटना, भागलपुर, पूर्णिया, गया, बेगूसराय समेत 18 जिलों में शुक्रवार को गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को पटना में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान, जिले में एक-दो स्थानों पर गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की घटनाएँ हो सकती हैं। इसके साथ ही बारिश की भी संभावना है।
इन जिलों में येलो अलर्ट: मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार को पटना, जहानाबाद, गयाजी, नवादा, नालंदा, शेखपुरा, जमुई, बांका, मुंगेर, बेगूसराय, खगड़िया, भागलपुर, कटिहार, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, सुपौल, मधेपुरा और सहरसा जिलों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है। कुछ स्थानों पर 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
पिछले 24 घंटों के भीतर बिहार के 5 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। इस दौरान सहरसा में सबसे अधिक 2.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। राज्य के अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। बिहार में सबसे अधिक तापमान पश्चिम चंपारण जिले के वाल्मीकि नगर में 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम तापमान गयाजी और वैशाली में 25 डिग्री सेल्सियस रहा।

