Bihar Voter Adhikar Yatra : बिहार के नवादा जिले में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान एक हादसा हो गया। जिससे अफरातफरी मच गयी। जानकारी के अनुसार सुरक्षा में तैनात एक पुलिसकर्मी गाड़ी की चपेट में आ गया। मौके पर मौजूद अन्य सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे बाहर निकाला। घटना के बाद राहुल गांधी ने भी उस पुलिसकर्मी से बातचीत कर उनका हालचाल जाना।
चुनाव आयोग पर राहुल गांधी का बड़ा आरोप :
यात्रा के तीसरे दिन राहुल गांधी गया से नवादा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर तीखे हमले बोले। राहुल गांधी ने कहा, “चुनाव आयोग और बीजेपी एक साथ मिलकर लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं। नरेंद्र मोदी, अमित शाह और चुनाव आयुक्त मिलकर जनता के अधिकार छीन रहे हैं।”
तेजस्वी यादव का समर्थन :
कार्यक्रम में मौजूद राजद नेता तेजस्वी यादव ने जनता से अपील करते हुए कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में महागठबंधन को समर्थन दें और राहुल गांधी को देश का अगला प्रधानमंत्री बनाएं।
विरोध के बीच राहुल का अंदाज :
यात्रा के दौरान हिसुआ थाना क्षेत्र में भाजपा समर्थकों ने राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की। इस पर राहुल गांधी ने अपनी गाड़ी रुकवाकर उन्हें थम्स-अप का इशारा किया और मुस्कुराते हुए फ्लाइंग किस देकर आगे बढ़ गए।
दीपंकर भट्टाचार्य ने उठाया दलित अत्याचार का मुद्दा :
भाकपा (माले) महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा, बिहार में बदलाव का चुनाव होने वाला है। हम अभी जिस इलाके में हैं, वहाँ हमने पिछले साल जून 2024 में 260 किलोमीटर की पदयात्रा की थी। सितंबर 2023 में नवादा के कृष्णानगर में दलितों की बस्ती में आग लगा दी गई। दलितों को उनकी ही ज़मीन से बेदखल करने की कोशिश की गई। उसी दौरान बिहार में ज़मीन का सर्वे चल रहा था, जिसके चलते उन पर जुर्म किया गया।
उन्होंने कहा कि नवादा और गया में दलितों पर अत्याचार हो रहा है, जिससे दलितों में गुस्सा है। इसी वजह से बिहार के कोने-कोने से नारे लगने लगे हैं, सरकार बदलो, बिहार बदलो।

