PM Modi Purnia Visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पूर्णिया दौरे को लेकर बिहार की सियासत गरमा गई है। विपक्षी दल आरजेडी लगातार हमलावर रुख अपनाए हुए है। सबसे पहले आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने सोशल मीडिया पर बिहारवासियों को “जुमला दिवस” की बधाई दी। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने खुद पीएम की सभा स्थल से वीडियो जारी कर पीएम मोदी पर तीखा हमला बोला।

राजद नेताओं ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री बिहार की जनता को बार-बार झूठे वादों से गुमराह कर रहे हैं। तेजस्वी यादव ने अपने संदेश में 11 साल पुराने अधूरे वादे की भी याद दिलाई।

पीएम मोदी का कार्यक्रम :

जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर बाद पूर्णिया पहुंचेंगे और करीब 40 हजार करोड़ की सौगात बिहार को देंगे। वह एसएसबी कैंपस के शीशाबाड़ी मैदान से पूरे सीमांचल क्षेत्र को साधने की कोशिश करेंगे। लेकिन कार्यक्रम से पहले ही तेजस्वी यादव ने सभा स्थल से 3 मिनट 26 सेकंड का वीडियो जारी कर सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया।

वीडियो में तेजस्वी ने लोगों से संवाद किया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लंबा संदेश पोस्ट किया। इसमें उन्होंने प्रधानमंत्री से अपील की कि वे भाषण देने से पहले सभा स्थल से महज 2–3 किलोमीटर के दायरे में जर्जर सड़कों, खाली पड़े स्कूलों, बदहाल स्वास्थ्य केंद्रों और बेरोजगारी व पलायन की मार झेल रहे युवाओं व महिलाओं की समस्याएं देखें।

“पीएम की रैली पर होता है 100 करोड़ का खर्च” :

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री की एक रैली पर बिहार जैसे गरीब राज्य पर करीब 100 करोड़ रुपये का बोझ पड़ता है। इतनी भारी धनराशि से राज्य में स्कूलों की चारदीवारी, खेल मैदान, लड़कियों के लिए अलग शौचालय और अस्पतालों में संसाधन उपलब्ध कराए जा सकते थे।

उन्होंने यह भी कहा कि पीएम की रैलियों के दौरान शिक्षकों को पढ़ाने के बजाय कंडक्टर बना दिया जाता है। साथ ही सरकारी कर्मचारी, जीविका दीदी, आशा वर्कर, आंगनबाड़ी सेविका और सहायिकाओं पर भीड़ जुटाने का दबाव डाला जाता है।

11 साल पुराना वादा फिर चर्चा में :

तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री को यह भी याद दिलाया कि उन्होंने 11.5 साल पहले पूर्णिया से बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने का वादा किया था। लेकिन आज तक यह वादा पूरा नहीं हुआ। तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव से पहले प्रधानमंत्री फिर से झूठे वादों और जुमलों की बारिश करेंगे ताकि अपनी सरकार की असफलताओं और जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटका सकें।

उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब सब समझ चुकी है और “जंगलराज” का शोर मचाकर असली समस्याओं को छिपाना आसान नहीं होगा। तेजस्वी ने दावा किया कि इस बार बिहारवासी प्रधानमंत्री के “जुमलों” में नहीं फंसेंगे।

Share.

बिहार टुडे (bihartodayonline.com) एक स्वतंत्र, निष्पक्ष, और विश्वसनीय समाचार माध्यम है. इस पर राजनीति, व्यापार, करियर, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक मुद्दों पर विस्तृत और सटीक जानकारी प्रकाशित की जाती है.

Exit mobile version