Bihar Politics : बिहार में इसी साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इसे लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कुछ दिन पहले जेल से बाहर आए पूर्व विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह ने रविवार सुबह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। इस दौरान भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी भी मौजूद रहे। इससे पहले शनिवार को अनंत सिंह ने मोकामा में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के साथ रोड शो किया था। अगले दिन यानी रविवार को अनंत सिंह की नीतीश कुमार से मुलाकात राजनीतिक लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है। इससे पहले 10 अगस्त को भी अनंत सिंह ने नीतीश कुमार से मुलाकात की थी।
जेल से बाहर आते ही अनंत सिंह ने खुद मोकामा से चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। उन्होंने तेजस्वी यादव की जमानत जब्त करवाने का भी दावा किया था। अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी मोकामा से वर्तमान विधायक हैं। अनंत सिंह के जेल जाने के बाद खाली हुई सीट पर आरजेडी ने नीलम देवी को टिकट दिया था। लेकिन, भाजपा के साथ सरकार के फ्लोर टेस्ट में नीलम देवी जदयू के खेमे में आ गईं। अनंत सिंह भी खुलकर नीतीश कुमार की तारीफ करते हैं। कहा जाता है कि एके-47 मामले में अनंत सिंह को सरकार की मदद से ही जमानत मिली थी।
जानकारी के अनुसार, अनंत सिंह रविवार सुबह अशोक चौधरी से मिलने उनके आवास गए थे। सीएम भी वहां पहुंचे। अशोक चौधरी की मौजूदगी में अनंत सिंह और नीतीश कुमार आमने-सामने हुए। अनंत सिंह ने आगे बढ़कर नीतीश कुमार का अभिवादन किया। नीतीश कुमार ने भी हाथ जोड़कर जवाब दिया। दोनों आमने-सामने मुस्कुराते हुए नजर आए। इस मुलाकात को मोकामा सीट पर अनंत सिंह की दावेदारी को मजबूत करने वाला माना जा रहा है। हालांकि, दोनों नेताओं के बीच क्या बातचीत हुई, इसकी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
शनिवार को जदयू नेता और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह अनंत सिंह के आवास पर पहुंचे। वहां से दोनों मोकामा गए और कई घंटों तक रोड शो किया। दोनों नेता काफी देर तक साथ रहे। कहा जा रहा है कि अनंत सिंह और सोनू-मोनू के बीच दुश्मनी खत्म करने की भी कोशिश की जा रही है।

