Bihar News : बिहार के मधेपुरा दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पति से झगड़े के बाद गुस्से में एक महिला ने शनिवार दोपहर अपने दो मासूम बच्चों को तालाब में फेंककर मार डाला। एक मां की दिल दहला देने वाली इस करतूत से सभी सन्न हैं।इससे पहले उसने अपने सामान और कपड़े जला दिए थे। घटना कुमारखंड थाना क्षेत्र की है। घटना के बाद आरोपी महिला फरार हो गई है, जबकि पुलिस ने उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया है।
मृत बच्चों की पहचान रौता पंचायत के वार्ड नंबर 11 निवासी राकेश कुमार यादव की बेटी कृति कुमारी (3) और बेटे हिमांशु कुमार (1) के रूप में हुई है। घटना की सूचना एक चरवाहे ने तालाब में बच्चों के शव देखने के बाद पुलिस को दी।
जानकारी के अनुसार सुनील यादव के बेटे राकेश कुमार यादव की शादी चार साल पहले मुरलीगंज थाना क्षेत्र के पोखराम निवासी आशा देवी (22) से हुई थी। पिछले छह महीने से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। इसी के चलते राकेश पंजाब चला गया था।
शुक्रवार रात मोबाइल फोन को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ था। शनिवार सुबह महिला का ससुर सुनील यादव पानी निकालने के लिए तालाब की ओर गया था। इसके बाद महिला घर से निकलकर दोनों बच्चों को लेकर तालाब के किनारे बैठ गई।
थोड़ी देर बाद वह दोनों बच्चों को तालाब में फेंककर फरार हो गई। शवों को देखकर लोगों ने इसकी सूचना थाना प्रभारी पंकज कुमार को दी। इधर, घटना से अनजान सुनील यादव जब तालाब की ओर से लौटा तो घर बंद मिला।
इसके बाद पड़ोसियों से पूछताछ कर जब वह तालाब की ओर गया तो उसे घटना की जानकारी हुई। उधर, घर की जांच करने पर पता चला कि आशा देवी ने जाने से पहले अपने कपड़े व अन्य सामान जला दिए थे। महिला का मोबाइल फोन घर से ही बरामद हुआ।

