Bihar News : बिहार के खगड़िया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरखंडी टोला में ससुराल वालों ने विवाहिता की पीट-पीटकर और फंदे से लटकाकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान बरखंडी टोला निवासी विभीषण यादव की 21 वर्षीय पत्नी डेजी कुमारी के रूप में हुई है।
मृतका के भाई मुंगेर जिले के फरदा स्थित जगदंबापुर निवासी संदीप कुमार ने सोमवार को सदर अस्पताल में बताया कि उसके जीजा ने शादी में चेन की मांग की थी। जिसके बाद उन्होंने आश्वासन दिया था कि कुछ दिन बाद चेन दे देंगे। इसके बाद से ही उसकी बहन डेजी कुमारी को उसके ससुराल वालों द्वारा चेन की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। इसी बीच, बच्चे की पिटाई को लेकर विवाद हो गया।
इस बीच, रविवार की रात उसकी बहन की बेरहमी से पिटाई की गई और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। सोमवार की सुबह उन्हें लोगों से घटना की जानकारी मिली। इसके बाद जब वे बरखंडी टोला पहुंचे तो ससुराल वालों ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी। हालांकि, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल ले आई। इस बीच, ससुराल वाले फरार हो गए।
पिछले साल ही हुई थी शादी:
मृतका के मायके वालों ने बताया कि पिछले साल ही उसकी शादी हुई थी। उसकी एक बेटी भी है। इधर, घटना के बाद मृतका के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। सदर अस्पताल में मृतका के परिजनों के चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो गया।
इस बीच, सदर एसडीपीओ वन मुकुल रंजन ने बताया कि पुलिस को नवविवाहिता की हत्या की सूचना मिली है। मृतका के मायके वालों द्वारा दहेज के लिए प्रताड़ित करने की भी शिकायत है। मामले की जांच की जा रही है। डीएसपी ने कहा कि जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच के लिए पुलिस बल गांव भेजा गया है।

