Bihar News : बिहार की राजधानी पटना के सबसे व्यस्त और पॉश इलाकों में से एक बोरिंग रोड पर सोमवार को दिनदहाड़े लूट की कोशिश ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। हालाँकि, ज्वेलर्स के कर्मचारियों ने बहादुरी दिखाते हुए इस लूट की कोशिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने फरार बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। यह घटना सचिवालय थाना क्षेत्र के बोरिंग रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की एसके पुरी शाखा के पास हुई।
जानकारी के अनुसार, बैंक ऑफ बड़ौदा, एसके पुरी शाखा के बाहर कल्याण ज्वेलर्स के कर्मचारियों को बंदूक की नोक पर लूटने आए दो अपराधियों के बीच जमकर हाथापाई हुई। संघर्ष के दौरान बदमाशों ने गोली भी चलाया, इसके बावजूद कर्मचारियों ने साहस दिखाते हुए न केवल अपराधियों की पिस्टल भी छीन ली और सभी को खदेड़ा दिया।
कल्याण ज्वेलर्स के कर्मचारियों ने बताया कि दिन के करीब 11 बजे कल्याण ज्वेलर्स शोरूम के दो कर्मचारी रंजीत कुमार और अनंत कुमार 18 लाख 50 हजार जमा करने बैंक ऑफ बड़ौदा पहुंचे। पहले से घात लगाए बैठे दो बदमाशों ने रंजीत और अनंत को रोक लिया और बैंक की सीढ़ियों के पास पैसों से भरा बैग छीनने लगे। इस दौरान रंजीत और अनंत लुटेरों से भिड़ गए, तभी बदमाश ने गोली चला दी।
इसके बाद भी दोनों ने बहादुरी से बदमाशों का मुकाबला किया और उनके हाथ मरोड़कर पिस्तौल छीन ली। उन्हें निहत्था देखकर बदमाश भाग गए। तीन बदमाश हेलमेट पहनकर आए थे। वे उसे भी छोड़कर भाग गए। इस घटना के दौरान आसपास के लोग तमाशा देखते रहे लेकिन कोई उन्हें बचाने या रोकने नहीं आया। कर्मचारियों ने बताया कि उन्होंने बहादुरी से उनका मुकाबला किया और कंपनी के पैसे बचा लिए।
मौके पर पहुंचे डीएसपी सचिवालय साकेत कुमार ने बताया कि लूट का प्रयास किया गया था जिसे नाकाम कर दिया गया। ज्वेलर्स के कर्मचारियों ने काफी बहादुरी दिखाई। पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंच गई। बदमाश भाग गए। सीसीटीवी से उनकी पहचान की जा रही है। पुलिस उनके भागने की दिशा में उनका पीछा कर रही है। बैंक मैनेजर ने भी रंजीत और अनंत की बहादुरी की तारीफ़ की।

