Bihar News : बिहार के नालंदा में एक सब-इंस्पेक्टर ने अपनी ही सर्विस पिस्टल से सिर में गोली मार ली। जिससे उसकी मौत हो गयी। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। इधर,पुलिस हर एंगल से घटना की जांच कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, नालंदा जिले के हरनौत थाने में तैनात एएसआई राम पुकार यादव ने खुद को गोली मार ली। जिसके बाद गंभीर रूप से घायल राम पुकार यादव को स्थानीय पुलिसकर्मी ने आनन-फानन में कल्याण बिगहा रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना हायर सेंटर रेफर कर दिया। जहां उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारी के साथ थाने पहुंचे और घटना की जानकारी ली। इसके बाद शाम करीब 7 बजे नालंदा एसपी भरत सोनी भी हरनौत थाना पहुंचे। जानकारी के अनुसार फिलहाल थाना परिसर में किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। मुख्य द्वार को बंद कर दिया गया था।

घटना के संबंध में सदर एसडीपीओ  संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि थाने के पीछे बाथरूम की ओर गोली चलने की आवाज सुनाई दी तो थाने में मौजूद सभी पदाधिकारी दौड़े। जिसके बाद देखा गया कि सहायक पुलिस निरीक्षक राम पुकार यादव ने अपनी ही सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मार ली है।

सदर डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल ने यह भी बताया कि राम पुकार यादव को इलाज के लिए पटना ले जाया गया। जहां उनकी मौत हो गई। उनके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए आईजीआईएमएस भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। आपको बता दें कि इस पूरी घटना को लेकर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी सक्रिय हो गए हैं और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि निरीक्षक ने आत्महत्या की कोशिश क्यों की। खैर, पुलिस इसे लेकर कई पहलुओं पर जांच कर रही है। इधर, इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। साथ ही साथी पुलिसकर्मी पूरी तरह से स्तब्ध हैं।

Share.

बिहार टुडे (bihartodayonline.com) एक स्वतंत्र, निष्पक्ष, और विश्वसनीय समाचार माध्यम है. इस पर राजनीति, व्यापार, करियर, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक मुद्दों पर विस्तृत और सटीक जानकारी प्रकाशित की जाती है.

Exit mobile version