Bihar News : बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला सीवान जिले के पतार गांव से सामने आया है, जहां अपराधियों ने घात लगाकर पूर्व जिला पार्षद के भाई पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में संठी गांव निवासी 49 वर्षीय सुशील सिंह उर्फ मनोज कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार अपराधियों ने सुशील सिंह पर जान से मारने की नीयत से गोलियां चलाईं और फरार हो गए।

गंभीर हालत में पटना रेफर:

फायरिंग के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी और जिसके बाद घायल सुशील सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया। फिर सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने सीने में गोली लगने के कारण नाजुक स्थिति देखते हुए उन्हें पटना रेफर कर दिया है।

 

हीना शहाब ने की कार्रवाई की मांग :

इस बीच घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन की पत्नी हीना शहाब भी जख्मी को देखने सीवान सदर अस्पताल पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने पुलिस प्रशासन से दोषियों को जल्द पकड़ने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। हालांकि, फायरिंग के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है।

 

पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब सदर अस्पताल पहुंचीं.

 

बढ़ रहे अपराध से लोगों में दहशत :

बता दें कि सिवान में लगातार हो रही आपराधिक वारदातों से लोगों में दहशत का माहौल है। वहीं स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद क्यों हैं कि पुलिस इन घटनाओं को रोकने में नाकारा साबित हो रही है। उन्होंने सरकार से ऐसी घटनाओं को रोकने की मांग उठायी है।

पुलिस जांच में जुटी :

इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गयी है। इस संबंध में सीवान एसपी मनोज कुमार तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पुलिस और एफएसएल टीम भेजी गई है। साथ ही सर्विलांस और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

Share.

बिहार टुडे (bihartodayonline.com) एक स्वतंत्र, निष्पक्ष, और विश्वसनीय समाचार माध्यम है. इस पर राजनीति, व्यापार, करियर, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक मुद्दों पर विस्तृत और सटीक जानकारी प्रकाशित की जाती है.

Exit mobile version