Bihar News : बिहार में अपराधियों का मनोबल कम होता नहीं दिख रहा है। आलम यह है कि अब वे पुलिस को ही अपने नियंत्रण में रख रहे हैं। ताजा मामला मधेपुरा जिले का है, जहां कुछ लोगों ने थाने में घुसकर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि मंगलवार को ज़मीन विवाद को लेकर कुमारखंड थाने पहुँचे एक पक्ष के लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। पथराव में तीन ASI समेत छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, मधेपुरा जिले के कुमारखंड थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर चंडीस्थान गाँव में दो पक्षों, मो. सद्दाम, मो.सोहेल, मो.शमीम, टूना और मोहम्मद जब्बार व अन्य के बीच लंबे समय से ज़मीनी विवाद चल रहा है। सोमवार को एक पक्ष ने इसी विवाद को लेकर थाने में आवेदन दिया था। जाँच से पहले ही दूसरे पक्ष ने देर रात खेत में धान की रोपाई कर दी। मंगलवार सुबह इसी मामले को लेकर मोहम्मद टूना थाने पहुँचे।

धान की रोपाई के मुद्दे पर उनकी थानेदार से बहस हो गई। पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर थाने में बैठा लिया। इसी बीच उनके 20-25 समर्थक थाने में घुस आए। उन्होंने हंगामा किया और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में एसआई गणेश पासवान, एसआई रविकांत कुमार, एएसआई राकेश कुमार, कांस्टेबल सुभाष कुमार, चालक राजीव कुमार और डाटा ऑपरेटर प्रीतम कुमार घायल हो गए। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पथराव में शामिल चार उपद्रवियों को हिरासत में ले लिया।

इस बीच, मुरलीगंज, श्रीनगर, भटनी, शंकरपुर, बेलारी थाने से पुलिस बुला ली गई। कुमारखंड थानेदार पंकज कुमार ने बताया कि वरीय अधिकारी के निर्देश पर उपद्रवियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

एएसपी प्रवेंद्र भारती ने बताया कि कुमारखंड थाना क्षेत्र में पथराव में शामिल मो. सद्दाम, मो. शमीम, मो. सोहेल और सोनू कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share.

बिहार टुडे (bihartodayonline.com) एक स्वतंत्र, निष्पक्ष, और विश्वसनीय समाचार माध्यम है. इस पर राजनीति, व्यापार, करियर, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक मुद्दों पर विस्तृत और सटीक जानकारी प्रकाशित की जाती है.

Exit mobile version