Bihar News : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किसान सलाहकारों और राशन डीलरों को बड़ी सौगात दी है। नीतीश सरकार की कैबिनेट ने बड़ा फैसला लेते हुए किसान सलाहकारों का मानदेय बढ़ाने की घोषणा की है। इसके साथ ही मंत्रिमंडल ने राशन डीलरों का कमीशन भी बढ़ा दिया गया है। बिहार में ये दोनों मांगे लंबे अरसे से हो रही थी।
जानकारी के मुताबिक, नीतीश सरकार ने राज्य के किसान सलाहकारों के मानदेय में 8000 रुपये की बढ़ोतरी की है। इसके साथ ही राशन डीलरों का कमीशन भी बढ़ा दिया गया है। अब उन्हें प्रति क्विंटल 47 रुपये अधिक मिलेंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में ये फैसले लिए गए। इस बैठक में कुल 26 एजेंडों पर मुहर लगी।
किसान सलाहकारों को मिलेंगे 21 हजार मासिक :
बता दें कि पहले किसान सलाहकार को 13,000 रुपये मिलते थे, जिसे अब 8 हजार रुपये बढ़ाकर 21,000 रुपये कर दिया गया है। वहीं इसके लिए कैबिनेट ने 67.87 करोड़ रुपये के अतिरिक्त बजट को मंजूरी दी है। इसका लाभ राज्य के 7047 किसान सलाहकारों को मिलेगा। मानदेय में बढ़ोतरी के साथ ही सलाहकारों को अब एक घंटा अधिक सलाह देनी होगी। सरकार ने उनकी सलाह अवधि 6 घंटे से बढ़ाकर 7 घंटे कर दी है। किसान सलाहकारों का बढ़ा हुआ मानदेय 1 अप्रैल 2025 से दिया जाएगा।
राशन डीलरों का कमीशन भी बढ़ा :
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत बिहार के राशन डीलरों के कमीशन में बढ़ोतरी की गई है। राशन डीलरों को केंद्रीय सहायता, राज्यांश और राज्य योजना मद में कुल 211.40 रुपये प्रति क्विंटल कमीशन मिलता है, जिसे बढ़ाकर 258.40 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। नीतीश कैबिनेट ने इसे मंजूरी दे दी है। इस मद में राज्य सरकार जन वितरण प्रमाण पत्र विक्रेताओं को 90 रुपये प्रति क्विंटल डीलर कमीशन देती है, जिसे बढ़ाकर 137 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है।

