Bihar Election 2025 : बिहार में चुनावी सरगर्मियाँ ज़ोरों पर हैं। बिहार चुनाव से पहले महागठबंधन काफ़ी सक्रिय है और महागठबंधन में शामिल सभी दल चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। इस दौरान वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी भी पिछले कुछ दिनों से लगातार कह रहे हैं कि इस बार बिहार में महागठबंधन की सरकार बनेगी। इतना ही नहीं, मुकेश सहनी ने तो यहाँ तक कह दिया है कि महागठबंधन सरकार में तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री होंगे और वह उपमुख्यमंत्री।
इस बीच राष्ट्रीय जनता दल के एक वरिष्ट नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी के बयान से मुकेश सहनी के डिप्टी सीएम पद की दावेदारी के सपने को झटका लगता दिख रहा है। दरअसल, जब वीआईपी प्रमुख के इस दावे के बारे में राजद नेता से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि गठबंधन में ऐसी कोई बात नहीं हुई है।
पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि प्रखंड क्षेत्र स्थित गायघाट में प्लस टू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में रविवार को मुसहर विकास मंच द्वारा राष्ट्रीय जनता दल मुसहर महाकुंभ सम्मेलन का आयोजन किया गया था। जिसमें राजद नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी शामिल हुए थे।
इस दौरान जब कुछ पत्रकारों ने अब्दुल बारी सिद्दीकी से मुकेश सहनी के डिप्टी सीएम पद की दावेदारी को लेकर सवाल किया, तो राजद नेता ने कहा, ‘हमें नहीं पता कि कौन किस पर दावेदारी कर रहा है। लेकिन जहां तक हमारे गठबंधन की बात है, उस गठबंधन में ऐसी कोई बात नहीं हुई है।’
अब्दुल बारी सिद्दीकी ने आगे कहा कि अगर आप चाहते हैं कि तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनें, तो राजद उम्मीदवार को वोट देकर तेजस्वी यादव के हाथ मजबूत करें। उन्होंने कहा कि पहले बड़े लोग मुसहर जाति के दलितों से छुआछूत की भावना रखते थे। आज लालू प्रसाद ने उन्हें अधिकार दिया है और कई मुसहर और दलितों को विधायक बनाया है। उन्हें मंत्री बनाया है। उन्होंने कहा कि हम आपसे राजद को वोट देने का अनुरोध कर रहे हैं।

