Bihar Election 2025 : जन सुराज पार्टी के संस्थापक और पूर्व चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर आज अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करेगी। उन्होंने कहा कि यह सूची कई “चौंकाने वाले नामों” से भरी होगी। किशोर ने यह भी खुलासा किया कि वे स्वयं भी इस बार चुनावी मैदान में उतरेंगे। हालांकि प्रशांत किशोर ने अभी यह नहीं बताया कि वे किस विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने मुस्कराते हुए कहा, “यह बात आपको 9 अक्टूबर को ही पता चलेगी।”
जन सुराज को मिलेगा नया जनादेश :
अपनी पार्टी की संभावनाओं पर विश्वास जताते हुए किशोर ने दावा किया कि जन सुराज पार्टी को उन मतदाताओं का लगभग 28 प्रतिशत समर्थन मिलेगा, जिन्होंने अब तक न तो एनडीए को और न ही महागठबंधन को वोट दिया है।
उन्होंने कहा कि जनता अब विकल्प चाहती है और जन सुराज पार्टी उसी उम्मीद का प्रतीक बन रही है।
कुल मतदाताओं का 48 प्रतिशत वोट मिलने की उम्मीद:
उन्होंने कहा, “पिछले चुनावों में दोनों गठबंधनों को केवल 72 प्रतिशत वोट मिले थे। मैं स्पष्ट कर दूँ कि बाकी 28 प्रतिशत वोट हमें मिलेंगे। इसके अलावा, लोगों का कहना है कि जन सुराज पार्टी को दोनों गठबंधनों से 10 प्रतिशत वोट मिलेंगे। इसका मतलब है कि हमें आगामी चुनावों में कुल मतदाताओं का 48 प्रतिशत वोट मिलने की उम्मीद है।”
उन्होंने आगे कहा कि लोग कह रहे हैं कि जन सुराज पार्टी एनडीए और इंडिया ब्लॉक, दोनों के वोटों को निर्णायक रूप से नुकसान पहुँचाएगी। किशोर ने दावा किया कि चुनाव के बाद जेडीयू सुप्रीमो नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं होंगे।
क्या यह नीतीश कुमार का आखिरी चुनाव होगा?
उन्होंने कहा, “मैं पूरे विश्वास के साथ कह रहा हूँ कि यह नीतीश कुमार का आखिरी चुनाव होगा। वह अगली मकर संक्रांति (जनवरी 2026 में) बिहार की राजधानी में बिहार के मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास, 1 अणे मार्ग पर नहीं मनाएँगे।” उन्होंने कहा कि यह चुनाव बिहार में एक नया अध्याय लिखेगा क्योंकि लोग पलायन और बेरोजगारी के खिलाफ अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए वोट देंगे।

