Bihar Election 2025 : बिहार के वैशाली जिले में चुनाव प्रचार के दौरान तेज प्रताप यादव पर हुए हमले के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। इस बीच, पूर्व मुख्यमंत्री और राजद की वरिष्ठ नेता राबड़ी देवी ने बेटे तेज प्रताप के बागी रुख पर पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है।
राबड़ी देवी ने राघोपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “यह ठीक है, उसे चुनाव लड़ने दो, वह अपनी जगह सही है।” उनका यह बयान तेज प्रताप यादव और आरजेडी के बीच बढ़ती दूरी के बीच एक सधे हुए राजनीतिक संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
महुआ से लड़ रहे हैं तेज प्रताप यादव :
तेज प्रताप यादव इस बार अपनी नई पार्टी जनशक्ति जनता दल (JJD) के टिकट पर वैशाली जिले की महुआ विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में हैं। यही सीट वह 2015 में जीतकर पहली बार विधायक बने थे। हालांकि, 2020 के चुनाव में उन्होंने हसनपुर सीट से चुनाव लड़ा और विधायक बने थे।
RJD से 6 साल के लिए निष्कासित :
तेज प्रताप यादव को हाल ही में RJD से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया था। इस बार राजद ने महुआ सीट से मौजूदा विधायक मुकेश रौशन को उम्मीदवार बनाया है, जिससे यह मुकाबला न सिर्फ राजनीतिक बल्कि पारिवारिक रूप से भी दिलचस्प हो गया है।
तेज प्रताप यादव का कहना है कि वह अब राजद में लौटने से बेहतर मौत को चुनेंगे। उनके इस बयान ने चुनावी माहौल को और भी गर्म कर दिया है, जबकि राबड़ी देवी का संयमित रुख राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

