Bihar Bus Accident: दिल्ली से बिहार के सीवान जा रही एक निजी बस मंगलवार तड़के भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि इस दुखद हादसे में एक मासूम बच्चे समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। 20 अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार बस सुबह-सुबह आरोल कट के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही बिल्हौर तहसील प्रशासन, पुलिस बल और एक्सप्रेसवे गश्ती दल मौके पर पहुँच गया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस हृदयविदारक घटना से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। हालाँकि, दुर्घटना का कारण अभी तक अज्ञात है। आशंका है कि चालक को नींद आ गई होगी और इसी वजह से यह दुर्घटना हुई। पुलिस फिलहाल मामले की जाँच कर रही है।

