Anant Singh : बिहार में ‘छोटे सरकार’ के नाम से प्रसिद्द मोकामा के पूर्व विधायक और बाहुबली अनंत सिंह आज बेउर जेल से बाहर आ गए। जेल से बाहर आते ही अनंत सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया।

इस मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए पूर्व विधायक अनंत सिंह ने कहा कि वह मोकामा से आगामी विधानसभा चुनाव जनता दल यूनाइटेड (JDU) के टिकट पर लड़ेंगे। इस दौरान अनंत सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने सड़क, बिजली, पानी, हर चीज पर अच्छा काम किया है। वहीं, तेजस्वी यादव द्वारा योजनाओं की नकल करने के आरोप पर उन्होंने कहा कि जब हम विपक्ष में होते हैं, तो विरोध करते ही हैं।

आपको बता दें कि पूर्व विधायक अनंत सिंह चर्चित पंचमहला फायरिंग मामले में जेल में बंद थे। सोमवार को इस मामले में पटना हाईकोर्ट ने पूर्व विधायक को जमानत दी थी। जिसके बाद बुधवार को उन्हें पटना की बेउर जेल से रिहा कर दिया गया। जेल से बाहर आते ही उन्होंने यह ऐलान किया है।

अनंत सिंह की विधायकी जाने के बाद नीलम देवी बनीं थी विधायक:

बता दें कि साल 2022 में पटना की एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट ने बाहुबली नेता अनंत सिंह को एके-47 रखने के मामले में 10 साल कैद की सजा सुनाई थी। उस समय अनंत सिंह मोकामा से विधायक थे। सजा सुनाए जाने के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द हो गई थी। जिसके कुछ महीने बाद ही उनकी पत्नी नीलम देवी ने लालू और तेजस्वी यादव की पार्टी राजद के टिकट पर उपचुनाव लड़ा और मोकामा से विधायक बनीं।

 

मालूम हो कि वर्ष 2024 में राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद नीलम देवी ने बगावत कर नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार का समर्थन किया था। वहीं, अनंत सिंह को पिछले साल पटना हाईकोर्ट ने सबूतों के अभाव में एके-47 मामले में बरी कर दिया था। ऐसे में अब उनके चुनाव लड़ने का रास्ता भी साफ हो गया है। विदित हो कि वर्तमान में अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी मोकामा से विधायक हैं। अब वे आगामी विधानसभा चुनाव में अपने पति के लिए प्रचार करती नजर आएंगी।

Share.

बिहार टुडे (bihartodayonline.com) एक स्वतंत्र, निष्पक्ष, और विश्वसनीय समाचार माध्यम है. इस पर राजनीति, व्यापार, करियर, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक मुद्दों पर विस्तृत और सटीक जानकारी प्रकाशित की जाती है.

Exit mobile version