Puja Special Train : दशहरा, दिवाली और छठ पूजा पर ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल प्रशासन ने 52 त्योहार स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बनाई है। इन ट्रेनों के संचालन का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेज दिया गया है। इन ट्रेनों के शेड्यूल पर फिलहाल विचार किया जा रहा है। यानी इस त्योहारी सीजन में घर जाने वालों को राहत मिलेगी।
60 ट्रेनें चलाने की थी योजना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुरुआत में 60 ट्रेनें चलाने की योजना थी, लेकिन अब कोचों की उपलब्धता के आधार पर इसमें बदलाव किया गया है। रेलवे बोर्ड वर्तमान में बिहार, कोलकाता, मुंबई और दिल्ली के लिए 100 से ज़्यादा ट्रेनें चला रहा है। ये ट्रेनें लखनऊ से होकर गुजरती हैं। गौरतलब है कि ये सभी ट्रेनें उत्तर और पूर्वोत्तर रेलवे की हैं। इसके बावजूद, दशहरा, दिवाली और छठ पूजा के दौरान सभी ट्रेनों में भारी भीड़ रहती है।
ट्रेनों में वेटिंग टिकट नहीं :
लखनऊ में यात्रियों की भीड़ के कारण बिहार और कोलकाता जाने वाले लोगों को ट्रेनों में सीटें नहीं मिल पा रही हैं। यही स्थिति दिल्ली और मुंबई से लखनऊ और गोरखपुर जाने वाली ट्रेनों में भी है। त्योहार स्पेशल समेत नियमित ट्रेनों में भी जगह नहीं है। यानी यात्रियों को इन ट्रेनों में वेटिंग टिकट भी नहीं मिल पा रहा है।
सर्कुलर ट्रेनें भी चलेंगी :
लखनऊ रेल मंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए 52 त्योहार स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन 52 त्योहार स्पेशल ट्रेनों के संचालन के लिए रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजा गया है। एक हफ्ते के भीतर रेलवे बोर्ड की मंजूरी मिलने की उम्मीद है। त्योहार स्पेशल ट्रेनों के अलावा, रेलवे प्रशासन सर्कुलर ट्रेनें भी चलाने की तैयारी कर रहा है। ये रेलगाड़ियां केवल कम दूरी वाले स्टेशनों के बीच ही चलेंगी।

