Bihar Cabinet Meeting : बिहार चुनाव से पहले सीएम नीतीश कुमार लगातार एक के बाद एक ऐलान कर रहे हैं। इसी क्रम में आज उन्होंने कैबिनेट की बैठक में 36 एजेंडों पर मुहर लगा दी।आज की बैठक में जिन प्रस्तावों को मंजूरी दी गई, उनमें से अधिकांश की घोषणा सीएम नीतीश कुमार पहले ही कर चुके थे। उन घोषणाओं पर आज कैबिनेट की बैठक में मंजूरी दे दी गई है। इनमें बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित चौथे और पाँचवें चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा में डोमिसाइल नीति लागू करना, आशा और ममता कार्यकर्ताओं की प्रोत्साहन राशि में वृद्धि, मध्याह्न भोजन योजना के रसोइयों और रात्रि प्रहरी के मानदेय में वृद्धि सहित कई घोषणाएँ शामिल हैं।

कैबिनेट बैठक में इन प्रस्तावों को मिली मंजूरी:

अपर मुख्य सचिव एस सिद्धार्थ ने यह जानकारी देते हुए बताया कि आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कुल 36 एजेंडों पर मुहर लगाई है। सीएम नीतीश कुमार द्वारा हाल ही में की गई घोषणाओं के सभी प्रस्तावों को मंजूरी दे दी गई है। उन्होंने बताया कि राज्य के हर विधानसभा क्षेत्र में एक डिजिटल लाइब्रेरी केंद्र खोला जाएगा, ताकि छात्र और युवा ऑनलाइन पढ़ाई कर सकें और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकें। इसके लिए 94 करोड़ 50 लाख 47 हजार रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। हर लाइब्रेरी में 10 कंप्यूटर, हाई स्पीड इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

 

 

 

आपको बता दें कि एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री ने बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित चौथे और पाँचवें चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा में डोमिसाइल नीति लागू करने की घोषणा की थी। अब इसे कैबिनेट से भी स्वीकृत कर दिया गया है। इसके अलावा बिहार के किसी भी बोर्ड से 10वीं और 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले छात्रों को शिक्षा विभाग की नौकरियों में प्राथमिकता दी जाएगी। यह नियम शिक्षक भर्ती के अलावा क्लर्क, लाइब्रेरियन और परिचारी की भर्ती में भी लागू होगा।

टीआरई-5 से पहले एसटीईटी लेने का निर्देश  :

सीएम नीतीश ने कहा कि शिक्षकों की भर्ती में बिहार के निवासियों (DOMICILE) को प्राथमिकता देने के लिए शिक्षा विभाग को संबंधित नियम में आवश्यक संशोधन करने का निर्देश दिया गया है। इसे चौथी शिक्षक भर्ती परीक्षा (टीआरई-4) से ही लागू किया जाएगा। टीआरई-4 वर्ष 2025 में और टीआरई-5 वर्ष 2026 में आयोजित की जाएगी। टीआरई-5 से पहले एसटीईटी कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।

 

रसोइयों का मानदेय दोगुना करने की घोषणा:

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 1 अगस्त को कहा था कि शिक्षा विभाग के अंतर्गत मध्याह्न भोजन में कार्यरत रसोइयों का मानदेय 1650 रुपये से बढ़ाकर 3300 रुपये करने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आगे लिखा कि माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा के विद्यालयों में कार्यरत रात्रि प्रहरी का मानदेय 5000 रुपये से बढ़ाकर 10000 रुपये करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही, शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशकों का मानदेय आठ हज़ार रुपये से बढ़ाकर 16 हज़ार रुपये करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही, उनकी वार्षिक वेतन वृद्धि 200 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये करने का निर्णय लिया गया है।

आशा को अब मिलेंगे तीन हज़ार रुपये:

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 30 जुलाई को कहा था कि आशा कार्यकर्ताओं को अब एक हज़ार रुपये के बजाय तीन हज़ार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके साथ ही ममता कार्यकर्ताओं को अब प्रति प्रसव 600 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी, पहले यह प्रति प्रसव 300 रुपये थी। सरकार का मानना है कि इससे ममता कार्यकर्ताओं के मनोबल में वृद्धि होगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी।

 

 

Share.

बिहार टुडे (bihartodayonline.com) एक स्वतंत्र, निष्पक्ष, और विश्वसनीय समाचार माध्यम है. इस पर राजनीति, व्यापार, करियर, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक मुद्दों पर विस्तृत और सटीक जानकारी प्रकाशित की जाती है.

Exit mobile version